Betul News: बैतूल जिले के आमला में उस वक्त हड़कंप मच गया जब रेलवे मॉल गोदाम के पास एक नाबालिग लड़का हाथ बंधे और मुंह में कपड़ा ठूंसे मिला। पहली नज़र में मामला अपहरण का लग रहा था, लेकिन जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सबको चौंका दिया।
जीआरपी थाना प्रभारी प्रमोद पाटिल ने बताया कि रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य में लगी एक महिला कर्मचारी ने प्लेटफॉर्म नंबर 5 के पास संदिग्ध हालत में पड़े एक बच्चे को देखकर सूचना दी थी। इसके बाद जीआरपी और आमला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चे को थाने लाया गया।
थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस को कहानी में कई विरोधाभास नज़र आए। गहराई से जांच करने पर पता चला कि 13-14 वर्षीय यह छात्र खुद ही यह ‘अपहरण’ का नाटक रच चुका था।
जानकारी के मुताबिक, छात्र के पिता का देहांत हो चुका है और वह नौवीं कक्षा में पढ़ता है। स्कूल से मिली जानकारी के अनुसार, वह बीते 20 दिनों से स्कूल नहीं जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि मां की डांट से बचने के लिए उसने झूठी कहानी गढ़ी।
पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या इस योजना में किसी और की मदद शामिल थी, क्योंकि अपने हाथ स्वयं बांधना आसान नहीं माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने बच्चे को परिजनों के हवाले कर दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।






