Betul Samachar : रायआमला के पास ढाबे पर आबकारी विभाग का छापा, सैकड़ों लीटर अवैध शराब बरामद

On: November 4, 2025 6:56 AM
Follow Us:

Betul Samachar : बैतूल। सोमवार शाम आबकारी विभाग की टीम ने रायआमला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक ढाबे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। यह ढाबा बबलू यादव नामक व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा था। छापे के दौरान टीम ने मौके से देसी और विदेशी दोनों प्रकार की शराब की बोतलें बरामद कीं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विभाग को पहले से ही सूचना थी कि ढाबे पर शराब का अवैध भंडारण किया जा रहा है और ग्रामीण इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती है। इसके आधार पर आबकारी विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। तलाशी में लगभग ढाई सौ लीटर से अधिक शराब जब्त की गई है।

मकान पर भी दबिश

ढाबे की तलाशी के बाद विभाग ने आरोपी के हंस नगर स्थित मकान पर भी दबिश दी। यहां से भी शराब की कुछ पेटियां, खाली बोतलें और भंडारण सामग्री मिली। टीम ने सभी बरामद सामग्री को जब्त कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

विशेष अभियान के तहत कार्रवाई

आबकारी अधिकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। मौके से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारी ने बताया कि बबलू यादव और उससे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर विभाग ने अब सख्ती शुरू की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment