Betul News: मुलताई-बैतूल हाईवे पर इनोवा पलटी, 6 युवक घायल — झपकी की वजह से हुआ हादसा

On: November 4, 2025 6:39 AM
Follow Us:

Betul News: बैतूल। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे मुलताई-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राधाकृष्ण राइस मिल के सामने तेज रफ्तार इनोवा कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई। हादसे में बैतूल के छह युवक घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रहे युवक को अचानक झपकी लग गई, जिससे वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और इनोवा सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरातफरी मच गई।

ये युवक हुए घायल

घायलों की पहचान आदर्श जैन, प्रतीक खंडेलवाल, ऋतिक बारस्कर, आर्यन सोनी, आशुतोष जैन और राहुल शर्मा (सभी निवासी बैतूल) के रूप में हुई है। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और डायल 112 टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि सभी युवक फिलहाल खतरे से बाहर हैं, हालांकि कुछ को सिर और हाथ-पैरों में गहरी चोटें आई हैं।

दर्शन कर लौटते वक्त हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी युवक सोमवार रात करीब 12 बजे बैतूल से जामसावली हनुमान मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। दर्शन के बाद सुबह आरती में शामिल हुए और लगभग 7:30 बजे वापसी के लिए रवाना हुए थे। मुलताई पहुंचने से पहले ही यह हादसा घटित हो गया।

दुर्घटनाओं का संवेदनशील इलाका

स्थानीय लोगों का कहना है कि राधाकृष्ण राइस मिल के पास वाला हिस्सा दुर्घटना संभावित क्षेत्र है, जहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने कुछ देर में यातायात को सामान्य कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment