KBC 17: 25 साल की मेहनत रंग लाई, सारनी के शैलेश चौधरी पहुंचे केबीसी, जीते साढ़े सात लाख रुपए

On: November 3, 2025 6:38 AM
Follow Us:

KBC 17: बैतूल। कहते हैं अगर लगन, धैर्य और सपनों पर विश्वास अटूट हो, तो सफलता देर से ही सही, पर जरूर मिलती है। ऐसा ही कर दिखाया है बैतूल जिले के सारनी के जाने-माने शिक्षक शैलेश चौधरी ने। लगभग 25 वर्षों की कोशिशों के बाद आखिरकार वे कौन बनेगा करोड़पति सीजन 17 की हॉट सीट तक पहुंचे और अमिताभ बच्चन के सामने बैठने का सपना साकार किया।

25 साल से कर रहे थे तैयारी

शैलेश चौधरी पेशे से ट्यूटर हैं और बीते 25 सालों से केबीसी में चयन के लिए प्रयासरत थे। वे बताते हैं कि इस शो में पहुंचने के लिए सात चरणों की लंबी प्रक्रिया होती है। “यह सफर आसान नहीं था। मेहनत और किस्मत दोनों का साथ जरूरी होता है। जब अमिताभ बच्चन के सामने बैठा, तो यकीन नहीं हुआ कि सपना हकीकत बन गया।”

12वें सवाल तक खेला, जीते साढ़े सात लाख

शैलेश ने बताया कि वे पहले भी 2022 में टॉप टेन तक पहुंचे थे, लेकिन हॉट सीट तक नहीं पहुंच सके थे। इस बार उन्होंने 12वें प्रश्न तक खेला और समझदारी से क्विट कर लिया। उन्होंने ₹7.5 लाख नकद और लगभग 10 उपहार, यानी कुल मिलाकर करीब ₹15 लाख का इनाम जीता।

अमिताभ बच्चन ने दिया डिनर का न्योता

शैलेश के मुताबिक, एपिसोड की रिकॉर्डिंग के दौरान अमिताभ बच्चन ने उनसे खूब बातचीत की और मजाक-मस्ती भी की। “उन्होंने कहा कि वे सारनी को नहीं भूलेंगे और अगले महीने हमें अपने घर डिनर पर बुलाने का वादा किया,” शैलेश मुस्कराते हुए बताते हैं।

बच्चों के लिए बनेंगे प्रेरणा स्रोत

हॉट सीट से लौटने के बाद शैलेश अब अपने अनुभव को विद्यार्थियों के साथ साझा करना चाहते हैं। “मैंने अपने शहर के बच्चों के लिए मोटिवेशन क्लासेज शुरू की हैं। अब हफ्ते के सातों दिन उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाऊंगा,” उन्होंने कहा।

पत्नी बोलीं – “25 साल की तपस्या सफल हुई”

उनकी पत्नी साधना चौधरी ने भावुक होकर कहा, “इनकी तैयारी 25 साल से चल रही थी। घर में रहकर भी वे हमें कम ही दिखते थे। टीवी पर हर एपिसोड ध्यान से देखते थे। आज उनका सपना पूरा हुआ, हमारी दुआएं रंग लाई।”

शैलेश चौधरी की यह उपलब्धि सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे सारनी और बैतूल जिले के लिए गर्व और प्रेरणा की मिसाल बन गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment