Betul Samachar: बैतूल में कलार समाज के मंगल भवन मार्ग पर अतिक्रमण, प्रशासन ने की सीमित कार्रवाई – दोनों पक्ष आमने-सामने

On: November 2, 2025 9:39 AM
Follow Us:

Betul Samachar: बैतूल। शहर में कलार समाज के मंगल भवन तक जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर शनिवार को प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई की। शिकायत के बाद तहसीलदार जी.डी. पाटे के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और नगरपालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और रास्ते से कुछ हिस्से का अतिक्रमण हटाया।

समाज ने कहा – 30 साल पुराना रास्ता, पूरी तरह नहीं हटा अतिक्रमण

कलार समाज के अध्यक्ष तपन मालवीय ने बताया कि यह मार्ग लगभग 25 से 30 वर्षों से उपयोग में है और इसकी भूमि समाज को दान में दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास के कुछ लोगों ने इस रास्ते पर कब्जा कर लिया है।
मालवीय ने कहा कि प्रशासन ने केवल आंशिक कार्रवाई की है जबकि बाकी हिस्सा अब भी अतिक्रमित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पूरा मार्ग नहीं खोला गया, तो समाज जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

प्रशासन का पक्ष – मामला कोर्ट में लंबित

तहसीलदार जी.डी. पाटे ने बताया कि समाज की शिकायत पर जांच की गई, जिसमें पाया गया कि भवन के सामने दीवार खड़ी कर रास्ता बंद किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि चूंकि यह विवाद सिविल कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए अंतिम निर्णय न्यायालय के आदेश के बाद ही लिया जाएगा।

दूसरे पक्ष ने लगाया मनमानी कार्रवाई का आरोप

इस बीच, ऋतुराज, जिन पर अतिक्रमण का आरोप है, ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कलार समाज के पास मार्ग से जुड़े कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं हैं, जबकि उनके पास भूमि के वैध कागजात मौजूद हैं।
ऋतुराज का दावा है कि यह समाज का मार्ग नहीं है और प्रशासन ने बिना लिखित आदेश या नोटिस के तोड़फोड़ की कार्रवाई की। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के पास पहले से तीन अन्य रास्ते मौजूद हैं, फिर भी दबाव बनाकर यह कार्रवाई कराई गई।

विवाद बढ़ने के आसार

मार्ग को लेकर दोनों पक्षों में तनातनी बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल आगे की कार्यवाही अदालत के निर्देशों के अनुसार ही की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment