Betul Crime News: बैतूल में दिल दहला देने वाला गैंगरेप: स्कूल से लौट रही नाबालिग को लिफ्ट देकर स्कॉर्पियो में बनाया शिकार

On: November 2, 2025 7:13 AM
Follow Us:

Betul Crime News: बैतूल/आमला। बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्रा को तीन दरिंदों ने लिफ्ट देने के बहाने अपनी स्कॉर्पियो कार में अगवा किया और सुनसान इलाके में ले जाकर बारी-बारी से इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

रात भर स्टेशन पर बैठी रही पीड़िता

पीड़िता शनिवार को आमला रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल में संदिग्ध हालत में बैठी मिली। पुलिस का शक तब गहराया जब वह रात भर स्टेशन पर ही बैठी रही। पूछताछ करने पर उसने पुलिस को अपने साथ हुई भयानक आपबीती बताई। इसके बाद शनिवार रात को पीड़िता के परिजनों को बुलाकर मामला दर्ज कराया गया।

एडिशनल एसपी कमला जोशी के अनुसार, पीड़िता 31 अक्टूबर से लापता थी। हालांकि, परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। परिजनों ने बताया कि वह पहले भी एक बार घर से चली गई थी और खुद ही लौट आई थी। एसपी बैतूल ने मामले की विस्तृत जांच डीएसपी (विमेन सेफ्टी) दुर्गेश मार्को को सौंपी है।

कार खराब होने का बनाया बहाना, फिर वारदात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तीन आरोपी— सूरज, लोकेश और लालू— ने छात्रा को लिफ्ट दी और उसे आमला के एक सुनसान इलाके की ओर ले गए।

जब पीड़िता ने गलत रास्ते पर ले जाने का विरोध किया, तो आरोपियों ने कार खराब होने का बहाना बनाया और शाम होने का इंतजार किया। अंधेरा होते ही उन्होंने बारी-बारी से स्कॉर्पियो कार के अंदर ही नाबालिग से दुष्कर्म किया।
वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपी उसे रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गए।

एक कॉल से हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में एक फोन कॉल से मदद मिली। आरोपियों के कार खराब होने का बहाना किए जाने पर, पीड़िता ने चतुराई दिखाते हुए एक आरोपी का फोन लिया और अपने दोस्त को कॉल कर बुलाया कि वह उसे घर छोड़ दे। दोस्त उस समय सारणी में था, इसलिए वह नहीं आ सका।

पुलिस को इसी फोन कॉल के रिकॉर्ड से आरोपियों की जानकारी मिली और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सूरज और लोकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कार का ड्राइवर लालू अभी फरार है। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार, जो एक आरोपी के साले की थी, को पुलिस ने जब्त कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment