Khatu Shyaam Baba Janmotsav: मुलताई में देवउठनी ग्यारस के मौके पर शनिवार को खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही नगर में भक्ति का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच विशाल निशान यात्रा निकाली, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बाबा के मंदिर पहुंची।
आकर्षक सजावट और विशेष श्रृंगार
मासोद रोड स्थित श्याम की हवेली और सोनौली के खाटू श्याम मंदिर में विशेष सजावट की गई है। बाबा के श्रृंगार के लिए वृंदावन से चंदन, कोलकाता से बागा और कन्नौज से इत्र मंगाया गया है। साथ ही नागपुर से लाई गई छप्पन भोग की मिठाइयों से बाबा को भोग लगाया जाएगा। बाबा के वस्त्रों पर की गई कारीगरी भी भक्तों का ध्यान आकर्षित कर रही है।
दिनभर चलेंगे भक्ति कार्यक्रम
मंदिर परिसर में पूरे दिन भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन चलते रहेंगे। शाम से भजन संध्या की शुरुआत होगी और रात 12 बजे बाबा श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर पुष्पवर्षा और आतिशबाजी की भी व्यवस्था की गई है।
महिला मंडल ने संभाली जिम्मेदारी
खाटू श्याम महिला मित्र मंडल ने इस वर्ष तैयारियों में अहम भूमिका निभाई है। मंडल की सदस्याओं ने मंदिर की सजावट, प्रसादी वितरण और भजन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी उठाई है। सोनौली स्थित मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार किया जा रहा है, जिसके लिए कोलकाता से विशेष गुलाब और सुगंधित फूल मंगाए गए हैं। भक्ति और उल्लास के इस माहौल में मुलताई पूरी तरह श्याममय हो उठा है।






