Betul Crime News: आठनेर। क्षेत्र के सातनेर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक साथ पांच दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना बस स्टैंड क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां हार्डवेयर, किराना, कपड़ा सहित अन्य दुकानों को निशाना बनाया गया।
सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और माल बिखरा हुआ था। दुकानों से नगदी के साथ-साथ सामान भी गायब बताया जा रहा है। फिलहाल चोरी गई वस्तुओं की कीमत का आकलन किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हजारों रुपए का नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही आठनेर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।






