Betul Samachar: बैतूल। मक्का उत्पादक किसानों ने अपनी फसल की उचित कीमत न मिलने पर नाराजगी जताते हुए गुरुवार को आठनेर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर 7 दिनों के भीतर एमएसपी पर खरीदी शुरू नहीं हुई, तो वे एक दिवसीय धरना और मंडी गेट पर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।
किसानों ने बताया कि वर्तमान में मंडियों में मक्का ₹1300 से ₹1700 प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रहा है, जबकि केंद्र सरकार ने ₹2400 प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय किया है। उन्होंने कहा कि इतने कम दाम पर बिक्री से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
जनपद सदस्य दीपक चौरे ने कहा कि सरकार को किसानों की मेहनत का उचित मूल्य देना चाहिए और घोषित दर पर खरीदी सुनिश्चित करनी चाहिए। कार्यक्रम में गुलाबचंद सोलंकी, पंकज बंजारे, मंसू चौरे, राजू डडोरे और प्रफुल्ल धाकड़ सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।






