Betul News: बैतूल। जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के जीन गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक 36 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर के पीछे बने कुएं में तैरता हुआ मिला। मृतका की पहचान सोनल पति जितेंद्र (लड्डू) राठौर, निवासी जीन बाजार मोहल्ला, के रूप में की गई है।
सोनल बुधवार से लापता थीं, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उनके पति ने थाने में दर्ज कराई थी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। चिचोली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली भेज दिया।
मायके वालों का आरोप — ससुराल वालों ने की हत्या
मृतका के भाई दुर्गेश राठौर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बहन की हत्या उसके पति जितेंद्र राठौर ने की है। उनके मुताबिक, सोनल के चेहरे पर चोट के निशान हैं और वह लंबे समय से ससुराल पक्ष की प्रताड़ना झेल रही थीं। दुर्गेश का कहना है कि “मेरे जीजा अक्सर सोनल को पीटते थे, बीमार होने पर भी इलाज नहीं करवाया और मायके आने से रोकते थे।”
मृतका की मामी ने भी यही आरोप दोहराया। उन्होंने बताया कि सोनल के लापता होने पर ससुराल पक्ष ने खोजबीन तक नहीं की। मायके वालों के पहुंचने के बाद जब घर के पीछे कुएं में देखा गया, तो सोनल का शव पानी में मिला।
पति का दावा — पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी
वहीं, पति जितेंद्र राठौर ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, और वह अचानक घर से चली गई थीं। जितेंद्र के अनुसार, गुरुवार सुबह जब कुएं में शव देखा गया तो उन्होंने ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
चिचोली थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का है।






