Betul Suicide News : बैतूल में स्कूल के पीछे 9वीं के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजन बोले: ‘जो कुछ हुआ, स्कूल के अंदर हुआ’

On: October 30, 2025 8:34 AM
Follow Us:

Betul Suicide News : बैतूल। बैतूल जिले के चोपना स्थित शासकीय हाई स्कूल शक्तिगढ़ परिसर में बुधवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जब कक्षा 9वीं के छात्र आदित्य ने स्कूल के पीछे पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है, जिसके बाद हड़कंप मच गया। गुरुवार को घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

लापरवाही को लेकर परिजनों का बड़ा आरोप

मृतक के चाचा जगदीश ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इस मामले की गहन जांच की मांग की है। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि घर में किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं थी और आदित्य सामान्य रूप से स्कूल गया था।

चाचा जगदीश ने दावा किया:

“जो कुछ हुआ, वह स्कूल के अंदर ही हुआ है।” आत्महत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी छात्र स्कूल से ही ले गया था। परिजनों ने सवाल उठाया कि जब छात्र लंच के बाद कक्षा से गायब था और उसका बैग रखा था, तो शिक्षकों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई और समय रहते उसे क्यों नहीं ढूंढा गया।

भंडारे में नहीं पहुंचा छात्र, तलाश में मिला शव

यह घटना पुनर्वास कैंप चोपना के शक्तिगढ़ हाई स्कूल परिसर की है। बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे स्कूल के सभी छात्र पास के मंदिर में आयोजित भंडारे में गए थे। आदित्य भंडारे में नहीं पहुंचा।

जब कुछ छात्रों ने उसकी तलाश शुरू की और स्कूल के पीछे नदी की ओर गए, तो उन्होंने अर्जुन के पेड़ पर आदित्य का शव फंदे से लटका हुआ देखा।

प्रिंसिपल बोले: लंच के बाद से था गायब

शक्तिगढ़ हाई स्कूल के प्राचार्य प्रेम राकसे ने बताया कि लंच ब्रेक से पहले तक आदित्य कक्षा में उपस्थित था। लंच के बाद जब दोबारा पढ़ाई शुरू हुई, तो उसका बैग कक्षा में मौजूद था, लेकिन आदित्य गायब था। प्राचार्य के अनुसार, तीन छात्रों ने उसे ढूंढा और उन्होंने ही पेड़ पर शव लटका देखा।

पुलिस ने शुरू की जांच, पीएम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलते ही चोपना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी रवि शाक्य ने बताया कि यह प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने गुरुवार को शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment