Betul Ki Khabar : बैतूल के सरकारी स्कूलों में EQIP परीक्षा संपन्न — विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता का होगा मूल्यांकन

On: October 29, 2025 11:18 AM
Follow Us:

Betul Ki Khabar : बैतूल। जिले के शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में बुधवार को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित की गई। यह परीक्षा एजुकेशनल क्वालिटी इम्प्रूवमेंट प्लान (EQIP) के तहत ली गई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक योग्यता का विश्लेषण और सुधार करना है।

जिले के 126 सरकारी स्कूलों में सुबह 10 बजे से ढाई घंटे तक परीक्षा एक साथ आयोजित की गई। यह परीक्षा पूरी तरह ऑब्जेक्टिव (बहुविकल्पीय प्रश्नों) पर आधारित थी, जिससे विद्यार्थियों की विषयवार समझ, विश्लेषण और प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा।

कमजोर विषयों पर मिलेगा विशेष फोकस

अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा परिणामों के आधार पर कमजोर विषयों की पहचान की जाएगी और उन पर उपचारात्मक शिक्षण गतिविधियां चलाई जाएंगी, ताकि छात्र अपनी कमजोरियों को दूर कर सकें।

परीक्षा से पहले हुई शिक्षकों की कार्यशाला

परीक्षा संचालन से पूर्व सोमवार को शासकीय कन्या उमावि बैतूल गंज में सभी स्कूलों के शिक्षक और नोडल अधिकारी एकत्र हुए थे। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा और विभागीय योजना अधिकारी सुबोध शर्मा ने परीक्षा की प्रक्रिया और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रदेशभर में 4528 स्कूल योजना में शामिल

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रदेश के 4528 शासकीय स्कूल इस योजना का हिस्सा हैं। बैतूल जिले से 126 स्कूलों का चयन विशेष मानकों के आधार पर किया गया है। परीक्षा उपरांत स्कूलवार, विषयवार और जिलेवार मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार की जाएगी और संबंधित विषयों के शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बेहतर प्रदर्शन पर मिलेगा सम्मान

अच्छा प्रदर्शन करने वाले स्कूलों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को विभाग की ओर से शैक्षणिक भ्रमण और प्रोत्साहन योजनाओं में शामिल किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस परीक्षा से मिले आंकड़ों का उपयोग भविष्य में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के रोडमैप के रूप में किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment