Betul Samachar: बैतूल जिले के जाखली गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां चिकन की दुकान पर बिजली का तार जोड़ते समय 27 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गन्नू कवडे (पिता रामसुंदर कवडे, निवासी रावणवाड़ी चौकी पाढर) के रूप में हुई है। वह जाखली में एक चिकन दुकान पर काम करता था। सोमवार दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच वह दुकान के बोर्ड की वायरिंग कर रहा था, तभी अचानक उसे तेज करंट लग गया।
साथियों और परिजनों ने तुरंत उसे पाढर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को जिला अस्पताल बैतूल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
गन्नू विवाहित था और उसकी दो साल की एक बेटी है, जबकि उसकी पत्नी रश्मि गर्भवती है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
इस बीच, मृतक के परिजन सतीश कवडे ने मौत पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि गन्नू के हाथ-पैर पर चोट के निशान थे। हालांकि, पोस्टमॉर्टम टीम ने बाहरी चोटों से इनकार करते हुए प्रारंभिक जांच में करंट लगने से हुई मौत की पुष्टि की है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है।






